
परिभाषा के अनुसार, स्पाइनल कॉर्ड “तंत्रिकाओं के रेशों और संबंधित ऊतकों का बेलनाकार गुच्छा है जो रीढ़ की हड्डी में स्थित होता है तथा शरीर के लगभग सभी अंगों को मस्तिष्क से जोड़ता है और जिसके साथ मिलकर यह केंद्रीय तंत्रिका तंत्र का निर्माण करता है।” मूल रूप से यह शरीर और मस्तिष्क के बीच सबसे महत्वपूर्ण संरचना है। इसी तरह, स्वास्थ्य क्षेत्र में डेटा भी स्पाइनल कॉर्ड की भांति कार्य करता है। विभिन्न और विविध स्रोतों से एकत्र किया गया डेटा स्वास्थ्य प्रणाली को आवश्यक सूझ-बूझ और रुझान प्रदान करता है, जिससे साक्ष्य-आधारित गुणवत्तापूर्ण देखभाल और नीतिगत निर्णय लेने में मदद मिलती है।
जैसे-जैसे हम एक साक्ष्य-आधारित स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली की ओर बढ़ रहे हैं, यह आवश्यक हो जाता है कि स्वास्थ्य सेवा प्रदाता कई कारणों से डेटा को अपनाएँ, क्योंकि सार्थक डेटा बेहतर निर्णय लेने में सक्षम बनाता है, जिससे सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होता है। विभिन्न क्षेत्रों के डेटा को एकत्रित कर उसे एक बड़े परिप्रेक्ष्य में देखकर व्यापक समझ विकसित की जा सकती है। इसके अलावा, नैदानिक डेटा की निगरानी और विश्लेषण की क्षमता से संस्थान यह समझ सकते हैं कि कार्यक्रम कहाँ प्रभावी हैं और कहाँ सुधार की आवश्यकता है।
एक अद्यतन और विश्वसनीय स्वास्थ्य डेटाबेस संपूर्ण स्वास्थ्य प्रणाली के निर्माण खंडों के बीच निर्णय-निर्माण की नींव है। यह स्वास्थ्य नीतियों के विकास और कार्यान्वयन, शासन और विनियमन, स्वास्थ्य अनुसंधान, मानव संसाधन विकास, स्वास्थ्य शिक्षा और प्रशिक्षण, सेवा प्रदायन तथा वित्तपोषण के लिए अनिवार्य है। इन्हीं उद्देश्यों को प्राप्त करने हेतु CBHI स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित क्षेत्रों से डेटा एकत्रित और विश्लेषित करता है, उसकी समग्र गुणवत्ता, प्रासंगिकता और समयबद्धता सुनिश्चित करता है तथा उसे हितधारकों और स्वास्थ्य-सम्बंधित निर्णय लेने हेतु उपयोगी सूचना में परिवर्तित करता है। हमें विश्वास है कि स्वास्थ्य सेवा में डेटा-आधारित क्रांति पूरी गति से आगे बढ़ रही है और हम यह देखने के लिए उत्साहित हैं कि कैसे नवाचार रोगी देखभाल को निरंतर रूप से प्रभावित और बेहतर बनाते हैं।



